नहीं रुक रहे कोटद्वार की सड़कों पर हादसे, एक मासूम बच्चे की गई जान

कोटद्वार: नगर निगम क्षेत्र के घमंडपुर में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे मौजूद दो बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि दूसरा बच्चा गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब पौने आठ बजे की है। दुर्गापुरी निवासी दो बच्चे घमंडपुर क्षेत्र में एक वेडिंग प्वाइंट के बाहर खेल रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर वेडिंग प्वाइंट के भीतर जा घुसी और वहां मौजूद दोनों बच्चों को कुचल दिया।

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल कार चालक को पकड़ लिया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायल बच्चों को बेस अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने 10 वर्षीय वंश चौहान पुत्र संदीप कुमार, निवासी दुर्गापुरी को मृत घोषित कर दिया।

वहीं हादसे में घायल 12 वर्षीय लक्ष्य पुत्र प्रदीप, निवासी दुर्गापुरी की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए देहरादून रेफर किया है।

 

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे के संबंध में जानकारी जुटाई। हादसे के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई और परिजनों में कोहराम मच गया।

 

अस्पताल पहुंचीं विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी

दर्दनाक हादसे की सूचना मिलने के बाद कोटद्वार विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भी बेस अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने चिकित्सकों और परिजनों से घटना की जानकारी ली तथा घायल बच्चे के उपचार के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने घायल बच्चे के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और मृतक बच्चे के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

ऋतु खंडूड़ी ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि 10 वर्षीय मासूम वंश का असमय निधन बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। साथ ही घायल 12 वर्षीय लक्ष्य के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

 

अभिभावकों से की सावधानी बरतने की अपील

विधानसभा अध्यक्ष ने अभिभावकों से भी अपील की कि कम उम्र के बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। उन्होंने कहा कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी किसी परिवार के लिए ऐसी क्षति का कारण बन सकती है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और उन्हें वाहन से दूर रखने की जरूरत है।

हादसे के बाद घमंडपुर और दुर्गापुरी क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

पांच साल की उम्र से पर्यावरण संरक्षण की मुहिम में जुटा गोलू, सोशल मीडिया पर लाखों लोगों के लिए बना प्रेरणा

Mon Oct 5 , 2026
बागेश्वर। उम्र महज आठ वर्ष, कक्षा दूसरी का छात्र और जुनून पर्यावरण बचाने का। जहां आज के दौर में बच्चे मोबाइल, वीडियो गेम और मनोरंजन में अपना अधिकांश समय बिताते नजर आते हैं, वहीं उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के एक नन्हे छात्र ने प्रकृति संरक्षण को अपने जीवन का मिशन […]

You May Like

Breaking News

Share
error: