शादी की खुशियों के बीच रोपे फलदार पौधे, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

गोपेश्वर (चमोली)। शादी में खुशियों की सौगात तो हर कोई देता है, लेकिन कोई पौधा रोपकर आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली का उपहार दे, तो यह पहल मिसाल बन जाती है। गोपेश्वर में डाली लगोला, जीवन बचोला अभियान के प्रणेता पर्यावरण प्रेमी सुधीर तिवारी ने दो विवाह समारोहों में फलदार पौधे रोपकर प्रकृति बचाने का संदेश दिया। उन्होंने नगर पालिका परिषद गोपेश्वर के सभासद संजय कुमार और गोपेश्वर गांव के राकेश बिष्ट के विवाह समारोहों में पौधारोपण कर नवदंपतियों को शुभकामनाएं दीं।

शादी के उल्लास के बीच पौधे रोपने की इस पहल ने समारोहों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ दिया। ग्रामीणों और मेहमानों ने इस प्रयास की सराहना की। साथ ही अपने घरों में होने वाले शुभ कार्यों पर भी पौधे लगाने का संकल्प लिया।

तिवारी ने कहा कि विवाह समारोहों में फलदार पौधे रोपने की यह पहल समाज को एक सीधा संदेश देती है कि खुशियां मनाने के साथ प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाना भी जरूरी है। यदि हर परिवार अपने शुभ अवसर पर एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो छोटी-छोटी पहल मिलकर हरियाली बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभा सकती हैं।

सुधीर तिवारी पिछले कई वर्षों से जन्मदिन, विवाह, वर्षगांठ और पुण्यतिथि जैसे अवसरों पर पौधारोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित कर रहे हैं। डाली लगोला, जीवन बचोला अभियान के माध्यम से उनका प्रयास है कि शुभ अवसर केवल उत्सव तक सीमित न रहें, बल्कि प्रकृति के संरक्षण का माध्यम भी बनें।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

पेंशनर दिवस कराने की मांग, डीएम से मिले पेंशनर्स

Thu Oct 22 , 2026
गोपेश्वर (चमोली)। गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन की ओर से जिलाधिकारी चमोली को ज्ञापन सौंप कर आगामी 17 दिसंबर को पेंशनर दिवस आयोजित करने की मांग की है। जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत और महामंत्री डॉ. पुष्कर बैछवाल के नेतृत्व में जिलाधिकारी से मुलाकात कर गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन ने 17 दिसंबर […]

You May Like

Breaking News

Share
error: