मुख्यमंत्री धामी ने 307 नव नियुक्त अभ्यर्थियों को सौंपे नियुक्ति पत्र

देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में 307 नव नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें 243 चिकित्सा अधिकारी, 42 फार्मासिस्ट तथा उद्यान विभाग के अंतर्गत 22 प्रयोगशाला सहायक एवं मशरूम पर्यवेक्षक शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह नियुक्ति पत्र केवल रोजगार का दस्तावेज नहीं, बल्कि प्रदेश की सवा करोड़ जनता की सेवा का संकल्प पत्र है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय और भौगोलिक दृष्टि से चुनौतीपूर्ण राज्य में स्वास्थ्य कर्मियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। दूरस्थ क्षेत्रों में संकट के समय स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्मिक ही लोगों की पहली उम्मीद होते हैं।

मुख्यमंत्री ने नव नियुक्त चिकित्सा अधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों से संवेदनशीलता, समर्पण और सेवा भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि राज्य में अब तक 62 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड वितरित किए जा चुके हैं तथा लगभग 12 लाख मरीजों का 2200 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस उपचार किया गया है। प्रदेश में वर्तमान में पांच मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जबकि दो निर्माणाधीन हैं। इसके अलावा नौ नर्सिंग कॉलेज और तीन नर्सिंग स्कूल भी संचालित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए टेलीमेडिसिन और हेली एम्बुलेंस सेवाएं भी संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र में कीवी, ड्रैगन फ्रूट, हाई डेंसिटी एप्पल, मशरूम उत्पादन और मधुमक्खी पालन जैसी योजनाओं के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने के प्रयासों का भी उल्लेख किया।

कृषि एवं उद्यान मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य में अतिसघन सेब बागवानी, कीवी मिशन, ड्रैगन फ्रूट मिशन और मशरूम उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मशरूम उत्पादन किसानों के लिए आय का महत्वपूर्ण स्रोत बन सकता है। स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि नए चिकित्सकों और फार्मासिस्टों की नियुक्ति से राज्य की स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी तथा दुर्गम क्षेत्रों में लोगों को बेहतर उपचार सुविधा मिल सकेगी।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विधायक सविता कपूर, देहरादून मेयर सौरभ थपलियाल, सचिव सचिन कुर्वे, डॉ. एसएन  पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

आम लोगों की मेेहनत की कमाई लूटने वालों को नहीं बख्शा जायेगा – डाॅ. धन सिंह रावत

Fri May 15 , 2026
एलयूसीसी घोटाले में सीबीआई की कार्रवाई से निवेशकों ने ली राहत की सांस कहा, सरकार आम जनता के साथ, आरोपियों के ख़िलाफ़ होगी ठोस कार्रवाई देहरादून।  सूबे के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बहुचर्चित एलयूसीसी चिटफंड घोटाले में सीबीआई द्वारा की गई बड़ी कार्रवाई का स्वागत करते हुए […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!