किच्छा पालिकाध्यक्ष पद पर कांग्रेस के राजेश प्रताप सिंह की बड़ी जीत

किच्छा। नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह ने भाजपा प्रत्याशी संदीप अरोड़ा उर्फ सोनू को 6,200 मतों के बड़े अंतर से हराकर शानदार जीत दर्ज की। बुधवार को हुई मतगणना के चारों राउंड पूरे होने के बाद राजेश प्रताप सिंह की जीत स्पष्ट हो गई। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक निर्वाचन प्रक्रिया की ओर से परिणाम की औपचारिक घोषणा की प्रक्रिया पूरी होना बाकी थी।

किच्छा नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए बुधवार सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हुई। चार राउंड में हुई मतगणना के दौरान शुरुआत से ही कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह ने बढ़त बनाए रखी। प्रत्येक राउंड के परिणाम के साथ उनकी बढ़त लगातार मजबूत होती गई। चौथे और अंतिम राउंड की गणना पूरी होने के बाद उन्होंने भाजपा प्रत्याशी संदीप अरोड़ा को 6,200 मतों के अंतर से पीछे छोड़ दिया। परिणाम सामने आते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई।

जीत के बाद मतगणना स्थल से बाहर आए राजेश प्रताप सिंह का समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। नवनिर्वाचित पालिकाध्यक्ष ने अपनी जीत का श्रेय किच्छा की जनता को देते हुए कहा कि यह उनकी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि पूरे किच्छा की जनता के विश्वास की जीत है। उन्होंने कहा कि जनता ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।

राजेश प्रताप सिंह ने कहा कि उनका लक्ष्य किच्छा नगर पालिका को एक आदर्श नगर पालिका के रूप में विकसित करना है। शपथ ग्रहण के बाद नगर की प्रमुख समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित किया जाएगा और उनके समाधान के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों का समाधान और नगर के विकास को गति देना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

उन्होंने अपनी जीत में किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। राजेश प्रताप सिंह ने कहा कि चुनाव के दौरान विधायक तिलक राज बेहड़ ने पूरी तरह समर्पित होकर कार्य किया और लगातार जनता के बीच सक्रिय रहे। उन्होंने कहा कि यह जीत किच्छा की जनता के साथ-साथ विधायक तिलक राज बेहड़ के प्रयासों की भी जीत है।

चुनाव परिणाम सामने आने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी मनाई। वहीं, राजेश प्रताप सिंह ने जनता का आभार जताते हुए कहा कि नगर के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए वह सभी वर्गों को साथ लेकर काम करेंगे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

CEC ज्ञानेश कुमार की Z प्लस सुरक्षा हुई और मजबूत, विपक्षी दलों के प्रदर्शन के बीच केंद्र का फैसला

Sat Oct 10 , 2026
नई दिल्ली। मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। दिल्ली और आगरा स्थित उनके आवास के साथ निर्वाचन आयोग के कार्यालय तथा उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा में भी जवानों की […]

You May Like

Breaking News

Share
error: