उत्तराखण्ड : बॉलीवुड एक्ट्रेस उर्वशी रौतेला ने मांगा AI कंपनी से 7000 करोड़ रूपये का हर्जाना

मुंबई : बॉलीवुड एक्ट्रेस उर्वशी रौतेला की टीम ने लॉस एंजिलिस स्थित AI कंपनी Bollywood.AI के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करने की बात कही है। टीम का आरोप है कि कंपनी ने उर्वशी की अनुमति के बिना उनके नाम, तस्वीरों और वीडियो का इस्तेमाल किया। इस मामले में टीम ने करीब ₹7,000 करोड़ के हर्जाने की मांग की है।

मामले की शुरुआत उर्वशी रौतेला के Bollywood.AI के फाउंडर और CEO शीराज हसन के साथ हुए एक इंटरव्यू से हुई। बातचीत के दौरान उर्वशी से बॉलीवुड और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर सवाल पूछा गया था। उन्होंने जवाब में कहा था कि AI ऐसी चीज है जिससे बॉलीवुड जूझ रहा है, जबकि वह बॉलीवुड से प्यार करती हैं।

इंटरव्यू के वायरल होने के बाद उर्वशी की टीम ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक बयान जारी किया। इसमें कहा गया कि टीम उचित कानूनी कदम उठा रही है और लॉस एंजिलिस स्थित कंपनी से ₹7,000 करोड़ के हर्जाने का दावा किया जा रहा है। टीम ने साफ कहा कि कंपनी अपना AI कारोबार और ब्रांड बना सकती है, लेकिन उर्वशी का नाम कारोबार में इस्तेमाल करने के लिए उनकी अनुमति जरूरी है।

 

 

शीराज हसन ने दावे को बताया हास्यास्पद

वहीं, Bollywood.AI और Hollywood.AI के फाउंडर एवं CEO शीराज हसन ने उर्वशी की टीम के आरोपों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि इंटरव्यू में उर्वशी ने खुद AI और बॉलीवुड को लेकर अपनी बात रखी थी। हसन ने उर्वशी को AI और मनोरंजन उद्योग में हो रहे बदलावों को समझने की सलाह भी दी।

हसन ने कहा कि Bollywood.AI और Hollywood.AI मनोरंजन के भविष्य का हिस्सा हैं। उनके मुताबिक AI फिल्मों, वर्टिकल ड्रामा और ऐसे डिजिटल सितारों को बढ़ावा देगा, जो कभी बूढ़े नहीं होते, कई भाषाएं बोल सकते हैं और लगातार काम कर सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले बदलाव को रोकने के बजाय उसे अपनाना चाहिए।

 

AI के गलत इस्तेमाल पर सलमान भी जता चुके हैं चिंता

AI के जरिए बनाए जा रहे फर्जी वीडियो और आवाज के गलत इस्तेमाल को लेकर सलमान खान भी चिंता जाहिर कर चुके हैं। ‘बिग बॉस 20’ के एक एपिसोड में उन्होंने बताया कि AI की मदद से किसी की आवाज बदलकर उसे ऐसा दिखाया जा सकता है जैसे वह किसी को गाली दे रहा हो। सलमान ने कहा कि उनके खुद के भी फर्जी AI वीडियो बनाए गए हैं।

सलमान ने जानबूझकर फर्जी AI कंटेंट बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने ऐसे लोगों को जेल भेजने और सोशल मीडिया पर सेंसरशिप के साथ इस मामले में कानून बनाए जाने की जरूरत बताई। उन्होंने यह भी कहा कि आम लोगों पर ऐसे फर्जी कंटेंट का असर और गंभीर हो सकता है, क्योंकि उनके पास मशहूर हस्तियों जैसी कानूनी या साइबर मदद तक पहुंच नहीं होती।

 

कई सितारे AI और पहचान के गलत इस्तेमाल के खिलाफ कोर्ट पहुंचे

AI, डीपफेक और डिजिटल कंटेंट के बढ़ते इस्तेमाल के बीच कई बॉलीवुड सितारे अपनी पहचान और पर्सनैलिटी राइट्स की सुरक्षा के लिए अदालत का रुख कर चुके हैं। अमिताभ बच्चन, सलमान खान, अनिल कपूर, ऐश्वर्या राय बच्चन, ऋतिक रोशन, अक्षय कुमार और जैकी श्रॉफ समेत कई कलाकारों ने नाम, तस्वीर, आवाज या दूसरी पहचान से जुड़ी चीजों के अनधिकृत इस्तेमाल के खिलाफ कानूनी कदम उठाए हैं।

ऋतिक रोशन के मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने AI, डीपफेक, फेस मॉर्फिंग और अन्य तकनीकों के जरिए उनकी पहचान, आवाज और तस्वीर के व्यावसायिक दुरुपयोग पर रोक लगाने का आदेश भी दिया था।

इसके अलावा अभिषेक बच्चन, करण जौहर, सोनाक्षी सिन्हा, अर्जुन कपूर और श्रुति हासन जैसे सितारे भी अपनी पहचान के गलत इस्तेमाल को लेकर कानूनी राहत मांग चुके हैं। ऐसे मामलों ने AI के दौर में सेलिब्रिटी की पहचान, आवाज और तस्वीर के इस्तेमाल को लेकर पर्सनैलिटी राइट्स की बहस को और तेज कर दिया है।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

उत्तराखंड के शहरों को मिल रहा नया स्वरूप, सचिव डॉ. आर राजेश कुमार ने हल्द्वानी से ऊधमसिंह नगर तक विकास कार्यों का ताबड़तोड़ निरीक्षण, अधिकारियों को दिए गुणवत्ता और समयबद्धता के निर्देश

Sun Oct 4 , 2026
“विकास भी, विरासत भी और जनसुविधा भी – धामी सरकार ने तेज की शहरों को संवारने की कवायद” मुख्यमंत्री धामी के निर्देशों पर विकास कार्यों को रफ्तार, सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने हल्द्वानी/ऊधमसिंहनगर में लिया जायजा प्रस्तावित और निर्माणाधीन परियोजनाओं का किया स्थलीय निरीक्षण, अधिकारियों को दिए गुणवत्ता और […]

You May Like

Breaking News

Share
error: