उत्तराखंड में अगले सात दिन बारिश के आसार, 17 जुलाई से पूरे प्रदेश में सक्रिय होगा मानसून

देहरादून। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने उत्तराखंड के लिए 14 से 20 जुलाई तक का जनपदवार मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार, आगामी सप्ताह में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मानसूनी गतिविधियां बनी रहेंगी। शुरुआत में बारिश का प्रभाव मुख्य रूप से पर्वतीय जिलों तक सीमित रहेगा, जबकि 17 जुलाई से पूरे राज्य में वर्षा की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है।

मंगलवार (14 जुलाई) को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गर्जन और बौछारें पड़ने का अनुमान है। अन्य पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है, जबकि देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और अन्य मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

15 जुलाई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। शेष पर्वतीय जिलों में भी कहीं-कहीं वर्षा के आसार हैं।

16 जुलाई को मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि कुमाऊं मंडल के अधिकांश जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। गढ़वाल मंडल के पर्वतीय जिलों में भी कुछ स्थानों पर बारिश और गर्जन के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

17 जुलाई से मानसूनी गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। हरिद्वार जिले को छोड़कर प्रदेश के अधिकांश जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और गर्जन के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान है। हरिद्वार में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।

18, 19 और 20 जुलाई को उत्तराखंड के अधिकांश जनपदों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और गर्जन के साथ बौछारें पड़ने की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक से लेकर काफी अधिक दर्ज किया गया, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य से लेकर सामान्य से अत्यधिक अधिक रहा। आने वाले दिनों में वर्षा की गतिविधियां बढ़ने से तापमान में गिरावट आने की संभावना है।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

कोटद्वार : डॉ. पी. डी. बी. एच. राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में धूमधाम से मनाया गया हरेला पर्व

Fri Jul 17 , 2026
कोटद्वार : डॉ. पी. डी. बी. एच. राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोटद्वार में उत्तराखण्ड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति संवर्धन के उद्देश्य से वृहद पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डी. एस. नेगी के नेतृत्व में किया गया। इस […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!